राष्ट्रीय खेल दिवस पर फुटबॉल का रोमांच, गोस्सनर रेड ने ब्लू को 3-1 से हराकर जीता खिताब
रांची, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर झारखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी की ओर से गोस्सनर हाई स्कूल मैदान, मेन रोड में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल शनिवार को उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबले में गोस्सनर स्कूल की रेड टीम ने ब्लू टीम को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले में रेड टीम ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर ब्लू टीम पर 3-1 से जीत दर्ज की।
कार्यक्रम में मास्को ओलंपिक 1980 के स्वर्ण पदक विजेता एवं लाइफ टाइम ध्यानचंद अवार्डी सिल्वानुस डुंगडुंग मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर समादेष्टा जैप-2 डॉ. सरोजनी लकड़ा, लाइफ टाइम ध्यानचंद अवार्डी सुमराय टेटे, सावित्री पूर्ति, विमल लकड़ा, वीरेंद्र लकड़ा, तेलेस्फोर टोप्पो, शाइना किस्पोट्टा, पुष्पा प्रधान, जसमनी सांगा, कान्ति बा, सुकरो सांगा, शशि टोपनो, निकोलस खलखो, कमल होरो, एलेक्सियुस लकड़ा सहित कई खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
गोस्सनर उच्च विद्यालय की सचिव हिरामणी कच्छप, प्रभारी प्रधानाध्यापक कुलदीप गुड़िया, गोस्सनर मिडिल स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका दिव्या आनिमा केरकेट्टा समेत विद्यालय के अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सिल्वानुस डुंगडुंग ने झारखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि “Sports Can Change The Society” का संकल्प समाज में खेलों की भूमिका को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर झारखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी की ओर से सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
