पूर्वी सिहंभूमि

मनोहरपुर में टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव मंजूर, रेल यात्रियों को बड़ी राहत

चक्रधरपुर, 29 अगस्त : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर और आसपास के रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे बोर्ड ने टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18189/18190) का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत कर दिया है। फिलहाल ट्रेन का ठहराव प्रायोगिक आधार पर शुरू किया जाएगा।

रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को आदेश जारी कर संबंधित रेलवे जोन को अपनी सुविधा के अनुसार ठहराव शुरू करने का निर्देश दिया है। हालांकि, ट्रेन के मनोहरपुर स्टेशन पर रुकने की अंतिम तिथि अभी रेलवे की ओर से तय नहीं की गई है।

सांसद जोबा माझी के प्रयास से मिली मंजूरी

सिंहभूम की सांसद जोबा माझी के प्रयास से मनोहरपुर में इस महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव का रास्ता साफ हुआ है। सांसद ने बताया कि उन्होंने 22 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में क्षेत्र की रेल समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। इसी दौरान उन्होंने रेल महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की थी।

सांसद ने रेलवे अधिकारियों को बताया था कि मनोहरपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, इलाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए दक्षिण भारत सहित देश के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करते हैं। ऐसे में इस ट्रेन का ठहराव यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।

रेलवे ने जोन को दिए निर्देश

रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) राजेश कुमार की ओर से 27 अगस्त को जारी आदेश में ट्रेन संख्या 18189 और 18190 के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव को मंजूरी दी गई है। संबंधित रेलवे जोन को सुविधाजनक तिथि से ठहराव शुरू करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही टिकट बिक्री केंद्रों पर ट्रेन के ठहराव की जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित करने और यात्रियों को इसकी सूचना देने को कहा गया है।

कई प्रखंडों के यात्रियों को मिलेगा लाभ

ट्रेन के मनोहरपुर में रुकने से आनंदपुर, गोइलकेरा, सोनुवा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले लोगों को अब ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे बड़े स्टेशनों तक जाने की जरूरत कम होगी।

इससे विद्यार्थियों, मरीजों, नौकरी और रोजगार के लिए बाहर जाने वाले लोगों, व्यापारियों और उनके परिजनों को विशेष सुविधा मिलने की संभावना है।

रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ट्रेन के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब मंजूरी मिलने के बाद लोगों को केवल प्रायोगिक ठहराव शुरू होने की तारीख का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *