खूंटी

श्रावणी मेला खत्म, फिर भी आम्रेश्वर धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

खूंटी, 29 अगस्त । बाबा आम्रेश्वर धाम, अंगराबारी में श्रावणी मेले का समापन शुक्रवार को हो गया, लेकिन शनिवार को भी मेला परिसर में श्रद्धालुओं और खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। सावन के दौरान मंदिर में होने वाली भीड़ की तुलना में शनिवार को श्रद्धालुओं की संख्या कुछ कम रही, लेकिन पूरा मेला परिसर लोगों से गुलजार रहा।

आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग अंगराबारी मेला पहुंचे। लोगों ने घरेलू बर्तन, सजावटी सामान, धार्मिक पुस्तकें, पूजा सामग्री और अन्य जरूरत के सामानों की जमकर खरीदारी की। दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही, जिससे दुकानदार भी उत्साहित नजर आए।

मेले में मनोरंजन के लिए लगाए गए झूले, सर्कस, मौत का कुआं, जलपरी सहित अन्य आकर्षण लोगों के बीच खासे लोकप्रिय रहे। परिवार के साथ पहुंचे लोगों और बच्चों ने विभिन्न मनोरंजन साधनों का आनंद लिया। इन स्थानों पर दिनभर दर्शकों की भीड़ बनी रही।

इधर, बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही। लोगों ने बाबा भोलेनाथ का दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद प्रसाद लेने के लिए मंदिर परिसर में कतार लगी रही।

एक महीने में करोड़ों का कारोबार

बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के महामंत्री मनोज कुमार ने बताया कि श्रावणी मेला केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और कारोबार का भी बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक महीने तक चलने वाले मेले में हजारों लोगों को रोजगार मिलता है। विभिन्न समुदायों के लोग यहां दुकानें लगाते हैं और मेले के दौरान करोड़ों रुपये का कारोबार होता है।

श्रावणी मेला समाप्त होने के बावजूद शनिवार को अंगराबारी में बनी चहल-पहल ने साफ कर दिया कि बाबा आम्रेश्वर धाम धार्मिक आस्था के साथ-साथ खरीदारी, मनोरंजन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *