राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिमडेगा में हॉकी का महासंग्राम, 58 टीमों के बीच होंगे 128 मुकाबले
सिमडेगा, 28 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर सिमडेगा में हॉकी का रोमांच चरम पर होगा। हॉकी सिमडेगा और खेल विभाग, सिमडेगा के संयुक्त तत्वावधान में 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 का आयोजन शनिवार से किया जाएगा।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन 29 अगस्त को दोपहर 2 बजे अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में होगा। इस बार प्रतियोगिता में महिला वर्ग की 18 और पुरुष वर्ग की 40 टीमों सहित कुल 58 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनके बीच कुल 128 मुकाबले खेले जाएंगे। बड़ी संख्या में टीमों की भागीदारी को सिमडेगा में हॉकी की बढ़ती लोकप्रियता का नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।
प्रतियोगिता के पहले दो दिनों यानी 29 और 30 अगस्त को महिला वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद पुरुष वर्ग के मुकाबले शुरू होंगे। उद्घाटन के दिन कुल नौ मैच आयोजित किए जाएंगे।
महिला वर्ग में लोम्बोई, करंगागुड़ी, पकड़टार, सेंट जेवियर बारवाडीह, सेंट एन्स सामटोली, सेंट एन्स तैंसेर, यूसी रेंगारीह, डे बोर्डिंग बानो, बांसजोर, पीएम श्री बासेन, मिनी नारी शक्ति सिमडेगा, टाटा सिनी जलडेगा, आरसी कोचेडेगा, केवीएस सिमडेगा, सीओई सिमडेगा की ए और बी टीम, एसटीसी सिमडेगा तथा एसटीसी लचरागढ़ की टीमें मैदान में उतरेंगी।
वहीं पुरुष वर्ग में सीओई सिमडेगा, बनाबीरा, मुरिया, ताराबोगा, केवीएस सिमडेगा, लिटिल टाइगर, आदिवासी हॉस्टल, पुलिस केंद्र सिमडेगा, रेंगारीह, लोम्बोई, कोचेडेगा ग्रामीण, गोंडवाना क्लब, सेंट जॉन स्कूल कुरडेग, पीएम श्री बासेन, टाटा सिनी जलडेगा सहित कुल 40 टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी।
हॉकी सिमडेगा के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में हॉकी को और बढ़ावा देना, ग्रामीण क्षेत्रों के उभरते खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा मेजर ध्यानचंद की खेल भावना और विरासत को आगे बढ़ाना है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर होने वाली यह प्रतियोगिता स्थानीय खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर साबित होगी।
