इलाजरत मंत्री रामदास सोरेन से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, ली स्वास्थ्य की जानकारी
रांची, 3 अगस्त। झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत खराब होने के चलते वे इन दिनों दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल में इलाजरत हैं। रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और मंत्री संजय प्रसाद यादव ने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और हालचाल जाना।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि फिलहाल मंत्री सोरेन की हालत गंभीर जरूर है, लेकिन स्थिर बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम ने नेताओं को बताया कि उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
नेताओं ने विश्वास जताया कि ईश्वर की कृपा, डॉक्टरों की सतत सेवा और झारखंड की जनता की दुआओं से मंत्री सोरेन शीघ्र ही स्वस्थ होकर वापस लौटेंगे।
