18वीं झारखंड स्टेट फेंसिंग चैंपियनशिप 28 अगस्त से, 200 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे दम
दल्लादल्ली स्थित आइडियल एकेडमी ऑफ नर्सिंग एजुकेशन में होगी तीन दिवसीय प्रतियोगिता
रांची, 27 अगस्त 2026। राजधानी रांची में 18वीं झारखंड स्टेट फेंसिंग चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन 28 से 30 अगस्त तक किया जाएगा। दल्लादल्ली स्थित आइडियल एकेडमी ऑफ नर्सिंग एजुकेशन में होने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के सभी जिलों से 200 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन रांची जिला फेंसिंग संघ के तत्वावधान और झारखंड फेंसिंग संघ के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचने वाले खिलाड़ी फेंसिंग की अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। राज्य संघ के कोषाध्यक्ष करमबीर उरांव, सहसचिव रामाशीष सिंह सहित तकनीकी विशेषज्ञ आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है।
राज्य संघ के अध्यक्ष अर्चित आनंद और महासचिव जय कुमार सिन्हा ने आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों को खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।
29 अगस्त को होगा आधिकारिक उद्घाटन
प्रतियोगिता का आधिकारिक उद्घाटन 29 अगस्त को किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में झारखंड फेंसिंग संघ के अध्यक्ष अर्चित आनंद, महासचिव जय कुमार सिन्हा और आइडियल एकेडमी ऑफ नर्सिंग एजुकेशन की डायरेक्टर सुंबुल आलम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा राज्य संघ के पदाधिकारी और तकनीकी समिति के सदस्य भी उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह है। आयोजकों को उम्मीद है कि चैंपियनशिप के माध्यम से राज्य की युवा फेंसिंग प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा।
