रांची

दुर्गोत्सव की तैयारी में जुटी सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति, प्रशासन से लाइसेंस और बेहतर व्यवस्था की मांग

पूर्वी सिंहभूम, 23 अगस्त । शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की कार्यकारिणी बैठक रविवार को परिसदन सभागार में हुई। अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में दुर्गोत्सव को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और भव्य तरीके से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत दुर्गा स्तुति से हुई। वरीय उपाध्यक्ष खगेन चंद्र महतो ने स्वागत भाषण दिया, जबकि संचालन बलदेव सिंह मेहरा ने किया। महासचिव ललन यादव ने पिछले वर्ष दुर्गा पूजा के साथ रामनवमी, रथ यात्रा, छठ और दीपावली के दौरान समिति की ओर से किए गए कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने आय-व्यय का लेखा-जोखा रखा।

धालभूम और घाटशिला अनुमंडल के 11 प्रखंडों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने ग्रामीण पूजा समितियों की विभिन्न समस्याएं बैठक में रखीं। प्रतिनिधियों ने बताया कि कई समितियां वर्षों से सार्वजनिक दुर्गा पूजा आयोजित कर रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें अनुज्ञप्ति नहीं मिल सकी है। समिति ने जिला प्रशासन से ऐसी पूजा समितियों को जल्द लाइसेंस उपलब्ध कराने की मांग की।

ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, सफाई, प्रकाश, विधि-व्यवस्था, स्लैग और सड़कों की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग भी उठाई गई।

बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान बेहतर सुरक्षा और सुविधा के लिए विसर्जन घाटों की मरम्मत, पेड़ों की छंटाई, चिकित्सा दल और अग्निशमन सेवा की व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके अलावा यातायात नियंत्रण के लिए पर्याप्त व्यवस्था, महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती, प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता तथा मूर्ति विसर्जन के लिए क्रेन की व्यवस्था कराने पर भी जोर दिया गया।

पूजा समितियों को कॉरपोरेट कंपनियों के सीएसआर मद से आर्थिक सहयोग दिलाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने कहा कि समिति जल्द ही जिला उपायुक्त सहित अन्य वरीय अधिकारियों से मुलाकात कर पूजा समितियों की समस्याओं के समाधान की मांग करेगी।

वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष समिति के प्रयास से डुमरिया, चाकुलिया और बहरागोड़ा में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के साथ कुछ पूजा समितियों को अनुज्ञप्ति दिलाने में सफलता मिली थी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर दुर्गोत्सव को सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में विनीता मिश्रा, पवन उपाध्याय, अंकित जवानपुरिया, राकेश साहू, रामस्वरूप यादव, अशोक कुमार सिंह, राखी पालित, श्वेता चक्रवर्ती, सीमा साहू, ज्योति देवी, नंद किशोर ठाकुर, रामबाबू यादव और तापस चटर्जी सहित कई सदस्य मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन विनीता मिश्रा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *