जेएसएलपीएस कर्मचारियों ने विधायक से की मुलाकात, विभिन्न समस्याओं से कराया अवगत
खूंटी, 21 अगस्त । झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के कर्मचारियों ने शुक्रवार को तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से अवगत कराया। कर्मचारियों ने अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं अन्य मुद्दों को विधायक के समक्ष विस्तारपूर्वक रखा।
विधायक सुदीप गुड़िया ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विषयों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाने, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण परिवारों को स्वावलंबी बनाने में जेएसएलपीएस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि जेएसएलपीएस के कर्मचारी गांव-गांव पहुंचकर स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण परिवारों के साथ जमीनी स्तर पर काम करते हैं। ऐसे में कार्य के दौरान उनके समक्ष आने वाली जायज समस्याओं का समाधान होना आवश्यक है।
विधायक ने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की उचित मांगों और समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करना उनकी प्राथमिकता है।
