खूंटी

बच्चों को मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराएं: उपायुक्त

-उपायुक्त ने पीएम पोषण योजना, ऑनलाइन उपस्थिति और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों की ली जानकारी

खूंटी, 19 अगस्त । समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बच्चों को मध्याह्न भोजन समय पर, निर्धारित मेनू के अनुसार और पौष्टिक रूप से उपलब्ध कराया जाए। पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत विद्यालयों में पोषण वाटिका विकसित करने तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करने को कहा। खाद्यान्न के उचित रख-रखाव और सुरक्षित भंडारण पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

बैठक में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने, विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा विद्यार्थियों के बीच आईएफए की गोलियों का वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया। दिव्यांग बच्चों को चिह्नित कर विशेष कैंप आयोजित करने और पात्र बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही छात्रों का आधार और अपार आईडी निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों और दायित्वों को समझते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें। विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों में अनुशासन बनाए रखने और उन्हें नियमित रूप से स्कूल यूनिफॉर्म में विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने रेल टेस्ट की तैयारियों और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन पर भी चर्चा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी , प्रधानाध्यापक और शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *