रांची

भारी बारिश से एथलेटिक्स चयन प्रक्रिया स्थगित, 1037 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

ताइक्वांडो, कबड्डी और निशानेबाजी में खिलाड़ियों ने दिखाया दम; 19 अगस्त को शतरंज, ताइक्वांडो और कबड्डी के बालक वर्ग का ट्रायल

रांची। 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के लिए राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया के दूसरे चरण में मंगलवार को 1037 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रांची के खेलगांव स्थित विभिन्न स्टेडियमों में आयोजित चयन प्रक्रिया में ताइक्वांडो, कबड्डी और निशानेबाजी के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें 920 बालिका और 117 बालक खिलाड़ी शामिल रहे।

ताइक्वांडो के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग में 255 खिलाड़ियों ने भाग लिया। वहीं कबड्डी के तीनों आयु वर्गों में 595 बालिकाओं ने हिस्सा लिया। निशानेबाजी में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के 185 खिलाड़ी चयन प्रक्रिया में शामिल हुए।

भारी वर्षा के कारण 18 अगस्त को निर्धारित बालिका एथलेटिक्स की खुली चयन प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। इसके अलावा 19 अगस्त को होने वाली बालक वर्ग की एथलेटिक्स चयन प्रक्रिया भी स्थगित कर दी गई है। एथलेटिक्स के ट्रायल की संशोधित तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।

बुधवार, 19 अगस्त को शतरंज, ताइक्वांडो बालक और कबड्डी बालक वर्ग की खुली चयन प्रक्रिया आयोजित होगी। निर्धारित पात्रता और आयु वर्ग के स्कूली खिलाड़ी इसमें भाग ले सकेंगे।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया निर्धारित मापदंडों और नियमों के तहत जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *