खेल

राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के लिए दूसरे चरण का ट्रायल कल

ताइक्वांडो, कबड्डी, बालिका एथलेटिक्स और शूटिंग में खुले चयन में शामिल होंगे खिलाड़ी

रांची। 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 के लिए राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया के दूसरे चरण का आयोजन 18 अगस्त से रांची के खेलगांव स्थित विभिन्न खेल परिसरों में होगा। दूसरे चरण में ताइक्वांडो, कबड्डी, एथलेटिक्स (बालिका) और शूटिंग के लिए खिलाड़ियों का खुला चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। इसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।

चयन प्रक्रिया में सरकारी और निजी विद्यालयों के पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ शामिल हो सकते हैं। ताइक्वांडो का ट्रायल गणपत राय इंडोर स्टेडियम, कबड्डी का ताना भगत इंडोर स्टेडियम, बालिका एथलेटिक्स का खेलगांव प्रैक्टिस मैदान और शूटिंग का ट्रायल टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज में होगा।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने सोमवार को वीवीआईपी गेस्ट हाउस हॉल में आयोजन एवं ग्राउंड समितियों के सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने तथा चयन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया।

एक दिवसीय ट्रायल के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *