धनबाद में 153 केंद्रों पर बनेगा नया आधार, 55 सीएससी पर अपडेट की सुविधा
धनबाद, 18 अगस्त । धनबाद जिले में आधार नामांकन और अपडेशन की सुविधा का व्यापक विस्तार किया गया है। अब जिले के नागरिक 153 अधिकृत आधार सेवा केंद्रों पर नया आधार कार्ड बनवा सकेंगे। इनमें सरायढेला बिग बाजार के पास स्थित युनीविस्ता टावर, सभी प्रखंड मुख्यालय, बीआरसी, डाकघर और विभिन्न बैंक शामिल हैं।
वहीं, जिला परिषद समेत जिले के 55 प्रज्ञा केंद्रों यानी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर आधार अपडेट कराने की सुविधा उपलब्ध है। इन केंद्रों पर नागरिक मोबाइल नंबर, पता, ईमेल आईडी समेत आधार से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारी अपडेट करा सकते हैं।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि सरायढेला बिग बाजार के पास युनीविस्ता टावर स्थित आधार सेवा केंद्र में दो और मशीनें खरीदी गई हैं। इन्हें जल्द शुरू किया जाएगा। इससे आधार से संबंधित कार्यों में और तेजी आएगी।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि भीड़ से बचने के लिए अपने नजदीकी अधिकृत आधार केंद्र या सीएससी पर ही आधार संबंधी सेवाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का मोबाइल नंबर या पता पुराना हो चुका है, वे समय रहते उसे अपडेट करा लें, ताकि सरकारी योजनाओं और अन्य नागरिक सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
