रांची

कोयला कारोबारी एलबी सिंह के साले और भाई ने ईडी से मांगा एक माह का समय

रांची, 18 अगस्त । धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह के साले रंजीत सिंह और भाई विश्व विजय सिंह ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश होने के लिए एक-एक माह का समय मांगा है। ईडी ने रंजीत सिंह को 18 अगस्त और विश्व विजय सिंह को 19 अगस्त को रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का समन भेजा था।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईडी ने कोयला घोटाले की जांच के दूसरे चरण के दौरान मिले दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच के बाद एलबी सिंह के दोनों रिश्तेदारों को समन जारी किया है। जांच में कथित तौर पर सामने आया है कि रंजीत सिंह और विश्व विजय सिंह के बैंक खातों में बीसीसीएल की ओर से काम के एवज में रकम का हस्तांतरण हुआ है।

जांच के दौरान दोनों के बैंक खातों में बड़े पैमाने पर लेनदेन का भी पता चलने की बात कही जा रही है। बताया गया है कि दोनों खातों से प्रतिदिन औसतन करीब दो-दो करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ।

ईडी की जांच में रंजीत सिंह के नाम पर करीब 18 से 20 करोड़ रुपये की सावधि जमा (फिक्स्ड डिपॉजिट) होने की जानकारी भी सामने आई है। एजेंसी इन वित्तीय लेनदेन और रकम के स्रोत की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *