पूर्वी सिहंभूमि

यातायात व्यवस्था पर अप्पू तिवारी ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे भूख हड़ताल

पूर्वी सिंहभूम, 18 अगस्त । गोलमुरी क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े भारी वाहनों, जगह-जगह बने गड्ढों और दुर्घटनाओं की बढ़ती आशंका पर चिंता जताते हुए संबंधित विभागों को 48 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है।

तिवारी ने कहा कि गोलमुरी की सड़कों के किनारे बड़े वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आवागमन के लिए उपलब्ध सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। दूसरी ओर, सड़क पर बने गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि रात के समय बिना पर्याप्त रिफ्लेक्टर और संकेतक के भारी वाहनों का खड़ा रहना स्थिति को और गंभीर बना देता है।इस संबंध में मंगलवार को यातायात डीएसपी को ज्ञापन भी सौंपा है।

उन्होंने प्रशासन से नो-पार्किंग क्षेत्रों को स्पष्ट रूप से चिन्हित कर उसका सख्ती से पालन कराने, भारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था करने तथा खराब सड़कों और गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थानों पर बैरिकेडिंग, रोड साइन, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की आवश्यकता बताई।

अप्पू तिवारी ने कहा कि पीक आवर में यातायात निगरानी बढ़ाने के साथ सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर नियमित कार्रवाई, चालान और जरूरत पड़ने पर टोइंग की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई दुर्घटनाओं के आधार पर संवेदनशील स्थानों और ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर स्थायी समाधान की दिशा में भी काम किया जाना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन को कार्रवाई के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में यातायात व्यवस्था सुधारने और भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो वे 48 घंटे बाद दोपहर 12 बजे से भूख हड़ताल शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *