धनबाद

जर्जर सड़क, सामुदायिक भवन और खराब सोलर जलमीनार की मरम्मत को लेकर डीडीसी को सौंपा ज्ञापन

धनबाद। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के धनबाद जिला मीडिया प्रभारी रंजीत कुमार महतो ने उप विकास आयुक्त सन्नी राज से मुलाकात कर गोविंदपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों की समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने इस संबंध में आवेदन पत्र सह ज्ञापन सौंपा।

रंजीत महतो ने अपने जिला परिषद क्षेत्र संख्या-14 के अंतर्गत मरिचो, तिलैया, बिराजपुर और बड़ा पिछड़ी पंचायत की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मरिचो पंचायत के बेहराडीह गांव में सामुदायिक भवन निर्माण की मांग की।

इसके अलावा तिलैया, मरिचो और बिराजपुर पंचायतों को जोड़ने वाली निचितपुर-घोसकोडीह सड़क की तत्काल मरम्मत कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क है, लेकिन लंबे समय से जर्जर होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

वहीं, बड़ा पिछड़ी पंचायत के बड़ा पिछड़ी गांव स्थित सिंह टोला काली मंदिर के सामने खराब पड़े सोलर जलमीनार की मरम्मत कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल थी।

मुलाकात के दौरान उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने गोविंदपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तीनों मामलों का अविलंब समाधान करने का निर्देश दिया।

रंजीत महतो ने प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि ग्रामीणों की इन समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *