हर घर तिरंगा अभियान के तहत रांची रेल मंडल ने निकाली तिरंगा यात्रा
डीआरएम करुणा निधि सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
रांची, 14 अगस्त । हर घर तिरंगा अभियान के तहत रांची रेल मंडल की ओर से शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में मंडल के शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, हटिया परिसर से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा हटिया रेलवे स्टेशन, सेरसा हॉकी स्टेडियम एवं हटिया रेलवे कॉलोनी से होते हुए पुनः मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति कर्तव्य एवं जिम्मेदारी की भावना को भी प्रोत्साहित किया गया।
यात्रा के समापन के बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हर घर तिरंगा अभियान 2026 में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेते हुए राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी ली और अभियान के प्रति अपना उत्साह व्यक्त किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) साकेत कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक लक्ष्मण कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
