Home

जेपीएससी-जेएसएससी प्रकरण को लेकर छात्रों का आंदोलन 21वें दिन भी जारी

देवेंद्रनाथ महतो की भूख-हड़ताल 13वें दिन भी जारी, समर्थकों ने आंदोलन स्थल पर वापस लाने की मांग उठाई

रांची, 14 अगस्त । जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन शुक्रवार को 21वें दिन भी जारी रहा। राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरना स्थल पर दिनभर छात्र अभ्यर्थियों की मौजूदगी बनी रही।

आंदोलन के 21वें दिन जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच की ओर से छात्र अभ्यर्थियों के एक समूह ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। वहीं, छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो के समर्थन में दूसरे गुट के छात्र भी अलग से आंदोलन करते रहे। दोनों पक्षों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही।

धरना स्थल पर कई स्थानीय गायकों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे आंदोलनकारियों में उत्साह देखने को मिला। इस बीच देवेंद्रनाथ महतो को सदर अस्पताल से वापस आंदोलन स्थल पर लाने की मांग भी लगातार तेज होती रही।

सदर अस्पताल में इलाजरत देवेंद्रनाथ महतो की भूख-हड़ताल शुक्रवार को 13वें दिन भी जारी रही। उनके समर्थक छात्रों का कहना है कि लंबे समय से भूख-हड़ताल और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद उनका संघर्ष जारी है। समर्थकों ने मांग की कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए चिकित्सकीय निगरानी के बीच उन्हें आंदोलन स्थल पर वापस लाया जाए, ताकि वे आंदोलनकारियों के बीच रह सकें।

धरना स्थल पर एक ओर छात्र अभ्यर्थियों का समूह अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठा रहा, जबकि दूसरी ओर देवेंद्रनाथ महतो के समर्थकों ने उनके समर्थन में नारेबाजी और प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलनकारी छात्रों कुणाल प्रताप सिंह और बिनय कुमार सहित अन्य ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार को जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। वहीं, देवेंद्रनाथ महतो के समर्थकों ने उनकी अनुपस्थिति को आंदोलन का अहम मुद्दा बताते हुए उन्हें जल्द धरना स्थल पर वापस लाने की मांग की।

समर्थकों ने कहा कि अस्पताल में उपचार जारी रहने के बावजूद देवेंद्रनाथ महतो का आंदोलन स्थल से भावनात्मक जुड़ाव बना हुआ है। उनके अनुसार, उन्हें आंदोलन स्थल पर वापस लाने से आंदोलनकारियों का मनोबल मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *