Home

भुईयांडीह में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू, 32 टीमें ले रही हिस्सा, फाइनल कल

-खेल प्रतिभाओं को निखारने का बेहतर मंच : रघुवर

पूर्वी सिंहभूम, 14 अगस्त । भुईयांडीह दुर्गा पूजा मैदान में शुक्रवार को सेंट्रल भीम बिरसा मुंडा फुटबॉल एकेडमी के तत्वावधान में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया। इस दौरान उन्होंने लॉटरी के माध्यम से प्रतियोगिता के लिए टीमों का चयन किया।

झारखंड आंदोलनकारी शहीद कालीपदो भुईयां की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को (15 अगस्त) खेला जाएगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए में रघुवर दास ने कहा कि पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां की ओर से फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन कर ग्रामीण और स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि युवा खेल के क्षेत्र में बेहतर भविष्य बना सकते हैं।

रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में फुटबॉल काफी लोकप्रिय है और यहां के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सफलता हासिल करने के लिए खिलाड़ियों को अपने खेल के प्रति अनुशासित, सजग और समर्पित रहना होगा।

पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने इस मौके पर कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेल से जोड़ना और फुटबॉल के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करता है। स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के आयोजन आगे भी जारी रखे जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार, 14 अगस्त को प्रतियोगिता के प्रारंभिक मुकाबले 20-20 मिनट के होंगे। वहीं 15 अगस्त को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 30-30 मिनट के खेले जाएंगे।

विजेता टीम को 11 साइकिल, जर्सी, शील्ड, गोल्ड ट्रॉफी और 11 फलदार पौधे पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे। उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के लिए भी साइकिल, जर्सी, ट्रॉफी और पौधों के पुरस्कार रखे गए हैं।

इसके अलावा प्लेयर ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर को भी सम्मानित किया जाएगा।

उद्घाटन समारोह के दौरान जेएसए के रेफरी चांद मुनि बिरौली, मुस्कान मुर्मू और वीर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *