रांची

अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव की 209वीं जयंती पर अर्पित की गई भावभीनी श्रद्धांजलि, बलिदान को किया गया याद

रांची (झारखंड)। अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव जी की 209वीं जयंती के अवसर पर धुर्वा (सेक्टर-3) स्थित अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ चौक पर भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित अतिथियों और आम नागरिकों ने महान स्वतंत्रता सेनानी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

गणमान्य हस्तियों ने दी श्रद्धांजली

जयंती समारोह में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सुबोध कांत सहाय, लोक सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद, कंचन दास, जावेद अहमद सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया तथा शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे ठाकुर विश्वनाथ

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के उन अमर नायकों में शामिल हैं, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत की ईंट से ईंट बजा दी थी। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और अटूट देशभक्ति की बेमिसाल मिसाल है।

वक्ताओं ने कहा कि झारखंड की धरती हमेशा से जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान के संघर्ष की प्रतीक रही है। ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव जैसे वीरों की ऐतिहासिक गाथाओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना और उनके आदर्शों को समाज में जीवित रखना हम सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है।

एकता और गौरवशाली विरासत के संरक्षण का संकल्प

समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने, राज्य की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत को सहेजने तथा समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन अमर शहीद के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनके जयकारों के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *