Jharkhand Weather: झारखंड के चार जिलों में 13 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट, 10-12 अगस्त को वज्रपात की चेतावनी
Ranchi Weather News: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग ने राज्य के चार जिलों में 13 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई है। इनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
10 से 12 अगस्त तक येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 10, 11 और 12 अगस्त को झारखंड के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बताया कि इस अवधि में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ऊंटरी रोड में सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड में सबसे अधिक बारिश पलामू जिले के ऊंटरी रोड में रिकॉर्ड की गई। यहां 44 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
वहीं राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पाकुड़ में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के कांके में 21.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रांची में बादल छाए रहे, उमस ने बढ़ाई परेशानी
रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद कुछ देर के लिए हल्की धूप निकली। इसके कारण लोगों को हल्की गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।
रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
- रांची: अधिकतम 26.8°C, न्यूनतम 22.6°C
- जमशेदपुर: अधिकतम 28.6°C, न्यूनतम 25.6°C
- डाल्टनगंज: अधिकतम 32.2°C, न्यूनतम 25.1°C
- बोकारो: अधिकतम 30.5°C, न्यूनतम 24.1°C
- चाईबासा: अधिकतम 28.4°C, न्यूनतम 23.4°C
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज हवा की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
।
