रांची

JPSC पेपर लीक मामला: उद्योग मंत्री संजय यादव से मिला सर्वदलीय व छात्र प्रतिनिधिमंडल, पारदर्शी परीक्षा और जांच की मांग

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और सरकारी नियुक्तियों में व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर गुरुवार को छात्रों, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने JPSC परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और छात्रों की विभिन्न मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपते हुए इन मामलों पर मंत्री के साथ गंभीर चर्चा की।

उच्चस्तरीय जांच और कड़े कानून की मांग

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग मंत्री से मांग रखी कि JPSC पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। इसके साथ ही, इस पूरी साजिश में शामिल दोषियों और शिक्षा माफियाओं पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो सके। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता और धांधली-मुक्त व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया।

छात्रों के हित में हर संभव कदम उठाएगी सरकार: उद्योग मंत्री

प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने उन्हें सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा, “झारखंड सरकार युवाओं और राज्य के छात्रों के भविष्य को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी सूरत में खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्रों की जायज मांगों पर सरकार सकारात्मक पहल करेगी और समस्या का उचित समाधान निकाला जाएगा।”

प्रतिनिधिमंडल में ये प्रमुख लोग थे शामिल

इस मुलाकात के दौरान संयुक्त प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से शामिल थे:

  • मोहम्मद नौशाद (राष्ट्रीय अध्यक्ष, लोक सेवा समिति)
  • अजय कुमार और प्रफुल्ल लिंडा (भाकपा-माकपा / वामपंथी नेता)
  • इरफान अंसारी और देवेंद्र जी (राजद नेता)
  • दानिश खान (छात्र नेता, SFI)
  • एहतेशाम परवीन (छात्र नेता, AISF)
  • अन्य सामाजिक एवं छात्र कार्यकर्ता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *