Home

सारंडा में मनाया गया 77वां वन महोत्सव, विधायक जगत माझी ने वन आधारित आजीविका बढ़ाने पर दिया जोर

पश्चिमी सिंहभूम, 03 अगस्त । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड स्थित साइडिंग परिसर में सोमवार को सारंडा वन प्रमंडल की ओर से 77वां वन महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। समारोह के दौरान पौधारोपण, वन संरक्षण और ग्रामीणों की आजीविका से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई तथा उपयोगी सामग्रियों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधारोपण तक सीमित कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जंगलों और उन पर निर्भर लोगों के जीवन को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि सारंडा जैसे समृद्ध वन क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों पर सबसे पहला अधिकार यहां के स्थानीय लोगों का होना चाहिए और इन संसाधनों का उपयोग उनकी आजीविका तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए किया जाना चाहिए।

विधायक ने कर्नाटक और तमिलनाडु के अपने दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां ग्रामीण वन संरक्षण के साथ-साथ वन उत्पादों के माध्यम से बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से आग्रह किया कि सारंडा क्षेत्र में भी ऐसी योजनाएं लागू की जाएं, जिनसे ग्रामीणों को वन आधारित रोजगार के अवसर उपलब्ध हों और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और लोगों की आजीविका बढ़ाने के लिए सरकार से अधिक से अधिक योजनाएं और आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

सारंडा वन प्रमंडल के प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) अभिरुप सिन्हा ने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य लोगों में पौधारोपण और वन संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यदि वन संपदा का वैज्ञानिक और योजनाबद्ध तरीके से उपयोग किया जाए तो यह ग्रामीणों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से करंज, महुआ तथा अन्य उपयोगी पौधों का अधिक से अधिक रोपण करने की अपील की।

वन महोत्सव के दौरान ग्रामीणों के बीच चावल रखने के ड्रम, महुआ संग्रह के लिए नेट, उन्नत चूल्हे, ग्रीन बिन सहित कई उपयोगी सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों द्वारा अतिथियों के पारंपरिक स्वागत से हुई। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बना दिया।

इसके बाद विधायक जगत माझी, डीएफओ अभिरुप सिन्हा और अन्य अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य का संदेश दिया। कार्यक्रम में वन संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदाय की भागीदारी और सतत विकास पर विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर आईएफएस अनुराधा मिश्रा, प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्ति कुंज, डीएसपी डेविड ए. डोडराय, रेंजर रामनंदन राम, परमानंद रजक, मुखिया अशोक बांदा, वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *