रांची: सावन की पहली सोमवारी पर केशव कृपा परिवार ने श्रद्धालुओं की सेवा में लगाया नि:शुल्क चाय-बिस्किट शिविर
रांची: सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर राजधानी रांची के पहाड़ी मंदिर में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़े हजारों श्रद्धालुओं की सेवा के लिए केशव कृपा इंटरप्राइजेज एवं केशव कृपा ऑटो एजेंसी के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क चाय एवं बिस्किट वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
बानो मंजिल रोड स्थित सेवा शिविर में सुबह 4 बजे से 9 बजे तक श्रद्धालुओं को गर्म चाय और बिस्किट वितरित किए गए। इस दौरान लगभग 5,000 श्रद्धालुओं ने इस सेवा का लाभ उठाया।
हर सोमवार लगेगा सेवा शिविर
आयोजक मीरा अग्रवाल ने बताया कि सावन माह में प्रत्येक सोमवार बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहाड़ी मंदिर पहुंचते हैं। उनकी सुविधा और सेवा भाव को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि सावन के प्रत्येक सोमवार को बानो मंजिल रोड पर इसी प्रकार का नि:शुल्क सेवा शिविर लगाया जाएगा, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
श्रद्धालुओं ने की सराहना
श्रद्धालुओं ने इस सेवा कार्य की प्रशंसा करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि सुबह-सुबह लंबी यात्रा के बाद इस तरह की सेवा उन्हें ऊर्जा और राहत प्रदान करती है।
इन लोगों का रहा विशेष योगदान
इस सेवा शिविर को सफल बनाने में निरंजन सराफ, कैलाश सिंघानिया, मीरा अग्रवाल, मनीषा सराफ, बेनी अग्रवाल, सुरेश चंद्र चौधरी और सूरज शर्मा सहित कई लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
