Home

गुमला में डीलर संघ का विरोध प्रदर्शन, कमीशन भुगतान नहीं होने पर सीएम आवास घेराव की चेतावनी



गुमला, 1 अगस्त — झारखंड प्रदेश फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के निर्देश पर गुमला इकाई ने शुक्रवार को डीसी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पिछले 10 महीनों से लंबित कमीशन और अन्य मांगों को लेकर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि मांगे नहीं मानी गईं तो मुख्यमंत्री और खाद्य आपूर्ति मंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा।

एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अरखीतानंद देवघरिया और सचिव तनवीर नाज ने बताया कि डीलरों को वितरण किए गए अनाज के कमीशन का भुगतान पिछले 10 माह से नहीं हुआ है, जबकि ग्रीन कार्ड योजना के तहत चावल, नमक और दाल के कमीशन की राशि 18 माह से लंबित है। साथ ही, कोरोना काल की बकाया राशि का भुगतान भी अब तक नहीं हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन की मरम्मत के नाम पर जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं, जबकि पहले 5 वर्षों तक कोई शुल्क नहीं लेने का आश्वासन दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बिना उचित तकनीकी तैयारी के स्मार्ट पीडीएस सिस्टम लागू कर रही है, जिससे वितरण प्रणाली और ऑनलाइन लेन-देन में कई समस्याएं आ रही हैं।

डीलरों ने मांग की कि जन वितरण प्रणाली को पूरी तरह पेपरलेस किया जाए और सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। धरना में गुमला जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में डीलर शामिल हुए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *