अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा नई रेल लाइन से बड़गढ़-भंडरिया को जोड़ने की मांग

पलामू, 01 अगस्त । सांसद विष्णु दयाल राम ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से मुलाकात कर प्रस्तावित अंबिकापुर-रामानुजगंज, गढ़वा नई रेल लाइन में संशोधन करते हुए बड़गढ़ और भंडरिया प्रखंडों को भी शामिल करने एवं लंबे समय से लंबित बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया है।
सांसद ने कहा कि अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा रेल लाइन परियोजना पलामू, गढ़वा और आसपास के क्षेत्रों की रेल संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी एवं क्षेत्र के आर्थिक तथा सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेगी,
लेेेकिन प्रस्तावित रेल लाइन के वर्तमान अलाइनमेंट से बड़गढ़ और भंडरिया जैसे अत्यंत पिछड़े एवं भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम क्षेत्रों को बाहर रखा गया है। इन क्षेत्रों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस संबंध में व्यापक चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें ज्ञापन दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन क्षेत्रों में दशकों से रेल संपर्क की मांग की जाती रही है, लेकिन वर्तमान अलाइनमेंट में इन्हें शामिल नहीं किए जाने से जनता में भारी आक्रोश है।
स्थानीय लोग और सामाजिक संगठनों की ओर से बड़गढ़ और भंडरिया को पुनः रेल मार्ग में शामिल करने की मांग को लेकर आंदोलन एवं विरोध-प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं। यह जनआंदोलन इस बात का प्रमाण है कि इन क्षेत्रों के लोगों की रेल संपर्क की मांग वर्षों पुरानी और अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सांसद ने कहा कि बड़गढ़ और भंडरिया क्षेत्र आज भी सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों की दृष्टि से अत्यंत पिछड़े हुए हैं। यदि इन क्षेत्रों को प्रस्तावित रेल लाइन या नया लिंक रेलवे लाइन से जोड़ा जाता है तो यहां के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। कृषि और वन उत्पादों की मार्केटिंग को बढ़ावा मिलेगा। निवेश और उद्योग की संभावनाएं विकसित होंगी एवं क्षेत्र के समग्र सामाजिक तथा आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
