जेपीएससी-जेएसएससी में पारदर्शिता और खाली पदों पर नियुक्ति की मांग, एबीवीपी ने चलाया हस्ताक्षर अभियान
खूंटी: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की बिरसा कॉलेज खूंटी इकाई ने शुक्रवार को कॉलेज परिसर में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में वर्षों से रिक्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया।
अभियान में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, निष्पक्ष जांच तथा समयबद्ध नियुक्तियों की मांग का समर्थन किया। विद्यार्थियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। भर्ती प्रक्रियाओं पर लगातार सवाल उठने से मेहनती अभ्यर्थियों का मनोबल प्रभावित होता है और व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास कमजोर पड़ता है।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
इस अवसर पर एबीवीपी झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि राज्य के लाखों युवा वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर सामने आने वाले सवाल गंभीर चिंता का विषय हैं।
उन्होंने जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में लंबे समय से रिक्त तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि रिक्त पदों पर नियुक्ति होने से उच्च शिक्षण संस्थानों का संचालन बेहतर होगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रकाश टूटी ने कहा कि झारखंड संघर्ष और बलिदान की धरती है। यहां का युवा न्याय, पारदर्शिता और अपने अधिकारों की अपेक्षा रखता है। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई और रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति नहीं हुई, तो परिषद विद्यार्थियों के हित में अपने लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन को और व्यापक करेगी।
