भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ दिल्ली में भाजपा सांसदों का धरना, आदित्य साहू बोले- छात्रों की लड़ाई में पार्टी उनके साथ
Ranchi: झारखंड की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में भाजपा के झारखंड से सांसदों ने शुक्रवार को संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में सांसदों ने मौन उपवास कर जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और उत्पाद सिपाही समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है भाजपा : आदित्य साहू
धरने के बाद पत्रकारों से बातचीत में आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा झारखंड के छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों और प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी युवाओं की न्याय की लड़ाई को हर स्तर पर समर्थन देगी।
24 जिलों में धरना, शाम को निकलेगा मशाल जुलूस
आदित्य साहू ने बताया कि आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में एक अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, 31 जुलाई की शाम राज्य के सभी जिलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को यह भरोसा दिलाना है कि वे अपनी लड़ाई में अकेले नहीं हैं और उनकी आवाज को राजनीतिक एवं सामाजिक समर्थन प्राप्त है।
14वीं जेपीएससी परीक्षा में भी गड़बड़ी का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों के दौरान राज्य में कांग्रेस समर्थित सरकार के कार्यकाल में जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और उत्पाद सिपाही समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा में भी गंभीर गड़बड़ियां हुई हैं, लेकिन राज्य सरकार ने अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।
कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप
आदित्य साहू ने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं और छात्रों के अधिकारों की बात करती है, लेकिन झारखंड में भर्ती परीक्षाओं से जुड़े कथित मामलों पर चुप है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया उसके विरोधाभासी राजनीतिक रुख को दर्शाता है।
बारिश के बीच आंदोलन कर रहे छात्र
साहू ने कहा कि झारखंड में पिछले कई दिनों से छात्र अपने अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। भारी बारिश और सीमित संसाधनों के बावजूद अभ्यर्थी लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार और प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर पहल नहीं की गई है। उन्होंने सरकार से लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने की अपील की।
धरना और मौन उपवास कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा सांसद बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, ढुल्लू महतो, मनीष जायसवाल और कालीचरण सिंह शामिल हुए।
