गढ़वा में 8-9 अगस्त को जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता, राज्य स्तर के लिए होगा चयन
गढ़वा, 30 जुलाई: झारखंड राज्य एथलेटिक्स एसोसिएशन के निर्देशानुसार गढ़वा जिला एथलेटिक्स संघ की ओर से 8 एवं 9 अगस्त 2026 को स्थानीय रामाशाहू स्टेडियम में जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन सब-जूनियर प्रतियोगिता के साथ किया जाएगा।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव आलोक मिश्रा ने बताया कि जूनियर प्रतियोगिता अंडर-18 और अंडर-20 (बालक एवं बालिका) आयु वर्ग में आयोजित होगी। इसमें गढ़वा जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा क्लबों के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर दौड़ के अलावा गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, हाई जंप और ट्रिपल जंप की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता स्थल पर जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा जन्मतिथि अंकित अंकपत्र (मार्कशीट) प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। साथ ही प्रत्येक प्रतिभागी को 50 रुपये प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। प्रतियोगिता दोनों दिनों में सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
आयोजन समिति के अनुसार 8 अगस्त को अंडर-18 एवं अंडर-20 बालक वर्ग की प्रतियोगिताएं तथा 9 अगस्त को अंडर-18 एवं अंडर-20 बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को आगामी झारखंड राज्य जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गढ़वा जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए एथलेटिक्स संघ के कोषाध्यक्ष अजयकांत (मो. 7461906890) तथा संयुक्त सचिव सुशील कुमार तिवारी (मो. 6201073740) से संपर्क किया जा सकता है।
