Home

बाबा आम्रेश्वर धाम में श्रावणी मेले का शुभारंभ, अर्जुन मुंडा ने रुद्राक्ष और आम का पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

खूंटी, 30 जुलाई । झारखंड के मिनी धाम के रूप में प्रसिद्ध बाबा आम्रेश्वर धाम में गुरुवार को श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री , उनकी पत्नी मीरा मुंडा और खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा ने नारियल फोड़कर मेले का उद्घाटन किया। इससे पूर्व अतिथियों ने बाबा भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर झारखंड और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

पूजा के बाद किया पौधारोपण

पूजा-अर्चना के बाद धाम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अर्जुन मुंडा ने रुद्राक्ष और आम के पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि सावन के प्रथम दिन रुद्राक्ष का पौधा लगाना सौभाग्य की बात है, लेकिन पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है। उसकी देखभाल और संरक्षण करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर

अर्जुन मुंडा ने कहा कि बाबा आम्रेश्वर धाम प्राचीन और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति और जिला प्रशासन की भी सराहना करते हुए कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर वर्ष बेहतर व्यवस्था की जा रही है।

पुल निर्माण में देरी पर जताई चिंता

पूर्व मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष भारी बारिश में ध्वस्त हुए पहलोल (बनई नदी) पुल के निर्माण में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह पुल खूंटी से बाबा आम्रेश्वर धाम जाने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित है और ओडिशा तथा छत्तीसगढ़ को भी जोड़ता है। एक वर्ष बीत जाने के बावजूद पुल का निर्माण पूरा नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने सरकार से टास्क फोर्स गठित कर पुल का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और व्यापारिक गतिविधियों को हो रही परेशानी दूर हो सके।

कार्यक्रम में बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के अध्यक्ष लाल ज्ञानेंद्र नाथ शाहदेव, महामंत्री मनोज कुमार, रमेश मांझी, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, महेंद्र भगत, कृष्णानंद तिवारी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *