जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा विवाद पर छात्रों का संविधान मार्च, रांची में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित

रांची, 29 जुलाई। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और धांधली के विरोध में बुधवार को राज्यभर से आए हजारों अभ्यर्थियों ने राजधानी रांची में संविधान मार्च निकाला। जयपाल सिंह मुंडा फुटबॉल स्टेडियम से शुरू हुआ मार्च अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचा, जहां छात्रों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर निष्पक्ष जांच और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग की।
छात्रों का कहना है कि हाल ही में आयोजित 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।
बारिश के बीच भी जारी रहा प्रदर्शन
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा और संविधान की प्रतियां लेकर मार्च में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
यातायात व्यवस्था हुई प्रभावित
हजारों प्रदर्शनकारियों के सड़क पर उतरने से राजधानी की यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। कचहरी रोड, अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड, रेडियम रोड और लालपुर रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस ने कई मार्गों पर रूट डायवर्ट किया और वैकल्पिक मार्गों से वाहनों का संचालन कराया।
सीआईडी जांच जारी, पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष से पूछताछ
भर्ती परीक्षा से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले की जांच सीआईडी कर रही है। जांच के दौरान कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते से लगातार दूसरे दिन भी पूछताछ की गई। जांच एजेंसी परीक्षा संचालन और कथित गड़बड़ियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
उच्चस्तरीय जांच की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि केवल कुछ गिरफ्तारियों से मामले का समाधान नहीं होगा। उनका आग्रह है कि पूरी चयन प्रक्रिया की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि अभ्यर्थियों का भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास बहाल हो सके।
