भर्ती परीक्षा घोटालों को लेकर दिल्ली में भाजपा सांसदों का प्रदर्शन, झारखंड सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली/रांची, 29 जुलाई। झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं एवं पेपर लीक के मुद्दे को लेकर झारखंड भाजपा के सांसदों ने बुधवार को दिल्ली स्थित मकर द्वार के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भर्ती परीक्षा मामलों की सीबीआई जांच की मांग की गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस एक ओर दिल्ली में छात्रों के मुद्दे पर आंदोलन कर रही है, जबकि झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामलों पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल और अन्य भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं पर कांग्रेस ने कोई स्पष्ट रुख नहीं अपनाया।
उन्होंने उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ के दौरान अभ्यर्थियों की मौत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस को इस मामले पर भी अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की।
सीबीआई जांच की मांग
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में पिछले वर्षों के दौरान भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष जांच केवल सीबीआई से ही संभव है। उनका आरोप था कि सीआईडी जांच से मामले की सच्चाई सामने नहीं आएगी।
कांग्रेस और झामुमो पर लगाए आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस और झामुमो पर छात्रों एवं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है तो उसे झारखंड सरकार से समर्थन वापस लेकर मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग करनी चाहिए।
प्रदर्शन में लगे नारे
प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों और कार्यकर्ताओं ने भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में नारेबाजी की। उन्होंने कांग्रेस से झारखंड के मुद्दे पर जवाब देने और भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
इस प्रदर्शन में आदित्य साहू के अलावा सांसद निशिकांत दुबे, बी.डी. राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, कालीचरण सिंह, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल भी मौजूद रहे।
