सावन को लेकर पहाड़ी मंदिर तैयार, 3 अगस्त के पहले सावन सोमवार पर विशेष व्यवस्था

रांची, 28 जुलाई। सावन माह की शुरुआत 30 जुलाई से होने जा रही है। इसे देखते हुए राजधानी रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन एवं पहाड़ी मंदिर विकास समिति ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। विशेष रूप से 3 अगस्त को पड़ने वाले पहले सावन सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण के व्यापक प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन और जलाभिषेक का अवसर मिल सके।
अर्घ सिस्टम से होगा जलाभिषेक, भीड़ होगी नियंत्रित
इस वर्ष श्रद्धालु पहाड़ी के मुख्य शिव मंदिर के साथ-साथ नीचे स्थित शिव मंदिर में भी अर्घ सिस्टम के माध्यम से भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकेंगे। इस व्यवस्था से लंबी कतारों में कमी आएगी और दर्शन प्रक्रिया अधिक सुचारु होगी।
भीड़ प्रबंधन के लिए सावन के प्रत्येक रविवार और सोमवार को मुख्य प्रवेश द्वार के समीप बनाए गए वैकल्पिक मार्ग से श्रद्धालुओं का प्रवेश कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालु सीढ़ियों के रास्ते मुख्य मंदिर तक पहुंचेंगे।
महिला-पुरुषों के लिए अलग कतार, आपात निकास की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलग निकास मार्ग भी तैयार किया गया है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि पूरे सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थित दर्शन उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
