श्रावणी मेला 2026: बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, रांची-भागलपुर स्पेशल ट्रेन शुरू

रांची: सावन के पावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए जाने वाले शिवभक्तों के लिए रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रांची-भागलपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (08646/08645) का परिचालन शुरू कर दिया गया है। इस विशेष ट्रेन से रांची, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा समेत कई जिलों के श्रद्धालुओं को अब देवघर जाने में अधिक सुविधा मिलेगी।
सप्ताह में चार दिन चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 08646 रांची से भागलपुर के लिए प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को 27 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक संचालित होगी। वहीं ट्रेन संख्या 08645 भागलपुर से रांची के लिए प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को 28 जुलाई से 12 सितंबर 2026 तक चलेगी। श्रावण मास के दौरान दोनों दिशाओं में यह ट्रेन कुल 14-14 फेरे लगाएगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह स्पेशल ट्रेन रांची, मुरी, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, तिलैया, कोडरमा, गया जंक्शन और सुल्तानगंज सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इससे हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें बार-बार ट्रेन बदलने या सड़क मार्ग का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।
तीन साल की मांग के बाद मिली सौगात
हजारीबाग से हर वर्ष हजारों श्रद्धालु सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम जलाभिषेक के लिए जाते हैं। सीधी रेल सेवा नहीं होने से उन्हें काफी परेशानी होती थी। इस संबंध में भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता पिछले तीन वर्षों से रेल मंत्रालय के समक्ष श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग उठा रही थीं। उनके लगातार प्रयासों के बाद इस ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया है।
इस बार 20 कोच के साथ दौड़ रही ट्रेन
रेलवे ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए इस बार ट्रेन में छह अतिरिक्त कोच जोड़े हैं। पहले यह ट्रेन 14 कोच के साथ चलती थी, जबकि अब 20 कोच के साथ संचालित की जा रही है, जिससे अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सके।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि श्रावण के प्रमुख दिनों में इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ेगी। वहीं श्रद्धालुओं ने मांग की है कि इस सेवा को केवल श्रावण माह तक सीमित न रखकर पूरे वर्ष नियमित रूप से संचालित किया जाए।
