झारखंड पुलिस की बड़ी सफलता, 39 लाख के इनामी 6 माओवादियों समेत 16 ने किया आत्मसमर्पण, 11 अत्याधुनिक हथियार भी किए जमा

रांची: झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों के लगातार दबाव और ‘ऑपरेशन नवजीवन’ के प्रभाव से 39 लाख रुपये के इनामी छह माओवादियों समेत कुल 16 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। ये सभी माओवादी 28 जुलाई को झारखंड पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण करेंगे। इनके पास से छह इंसास, दो एके-47 समेत कुल 11 अत्याधुनिक हथियार और 1,562 कारतूस बरामद हुए हैं।
इनामी माओवादियों समेत कई बड़े कमांडर शामिल
आत्मसमर्पण करने वालों में गिरिडीह का 15 लाख रुपये का इनामी संतोष उर्फ वासुदेव दा, खूंटी का 10 लाख रुपये का इनामी चंदन लोहरा, लोहरदगा का पांच लाख रुपये का इनामी अनिल तुरी, लातेहार का पांच लाख रुपये का इनामी सुखलाल बिरजिया सहित कई सक्रिय माओवादी शामिल हैं। सूची में रीजनल, जोनल, सब-जोनल और एरिया कमेटी के सदस्य भी शामिल हैं। इनमें छह महिला माओवादी भी हैं।
आत्मसमर्पण करने वालों का प्रोफाइल
- कुल माओवादी: 16
- रीजनल कमेटी सदस्य: 1
- जोनल कमेटी सदस्य: 3
- सब-जोनल कमेटी सदस्य: 3
- एरिया कमेटी सदस्य: 6
- अन्य कैडर/सदस्य: 3
बरामद हथियार
- इंसास राइफल – 6
- एके-47 – 2
- एचके-33 राइफल – 1
- यूएस कार्बाइन – 1
- एम-16 राइफल – 1
- कुल हथियार – 11
- कुल कारतूस – 1,562
छत्तीसगढ़ में भी आठ माओवादी करेंगे आत्मसमर्पण
झारखंड के अलावा छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर जिले के आठ माओवादी भी आत्मसमर्पण करेंगे। इनमें एक जोनल कमेटी सदस्य, चार एरिया कमेटी सदस्य और अन्य सक्रिय कैडर शामिल हैं।
लगातार कार्रवाई से कमजोर हो रहा माओवादी नेटवर्क
हाल के महीनों में झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई से माओवादी संगठन को लगातार झटके लग रहे हैं। हाल ही में एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी मिसिर बेसरा के करीबी सहयोगी अजय महतो उर्फ टाइगर की गिरफ्तारी के बाद संगठन पर दबाव और बढ़ गया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि लगातार गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण से माओवादी नेटवर्क कमजोर पड़ रहा है।
‘ऑपरेशन नवजीवन’ का दिख रहा असर
पुलिस के पुनर्वास अभियान ‘ऑपरेशन नवजीवन’ का असर लगातार देखने को मिल रहा है। इससे पहले 21 मई को भाकपा (माओवादी) और जेजेएमपी के कुल 27 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण किया था। उन्होंने 16 अत्याधुनिक हथियार और 2,857 कारतूस सुरक्षा बलों को सौंपे थे। पुलिस का मानना है कि यह अभियान आने वाले दिनों में भी नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक साबित होगा।
