Home

नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग में गुदड़ी प्रखंड पूर्वी भारत में प्रथम, उपायुक्त ने टीम को दी बधाई

चाईबासा: नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत जनवरी–मार्च 2026 की डेल्टा रैंकिंग में पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड ने पूरे पूर्वी भारत में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर गुरुवार को उपायुक्त मनीष कुमार ने खुशी जताते हुए इसे जिले में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसहभागिता और प्रशासनिक टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया।

उपायुक्त ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक रैंकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण लाभ पहुंचाने की दिशा में किए गए सतत प्रयासों की पहचान है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सिर्फ बेहतर रैंक हासिल करना नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक योजनाओं का प्रभावी लाभ सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी सभी विकास संकेतकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए पश्चिमी सिंहभूम को राज्य ही नहीं, बल्कि देश के अग्रणी मॉडल जिलों में शामिल करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा।

मनीष कुमार ने इस सफलता का श्रेय गुदड़ी प्रखंड के पदाधिकारियों, कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं, शिक्षकों तथा ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी को दिया।

उन्होंने बताया कि “नीति तारा” पहल के तहत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, आजीविका, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन और सुशासन जैसे क्षेत्रों में योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

उपायुक्त ने कहा कि गुदड़ी प्रखंड में अपनाए गए नवाचारों और कार्यप्रणाली को जिले के अन्य प्रखंडों में भी लागू किया जाएगा, ताकि समावेशी और सतत विकास को नई गति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *