महिलाओं और बच्चों का समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : कल्पना सोरेन

महिला एवं बाल विकास समिति की बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
रांची : महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति सह विधायक कल्पना सोरेन ने विधानसभा स्थित अपने कक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य में महिलाओं और बच्चों के विकास, सुरक्षा, पोषण तथा कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण तथा बच्चों का समग्र विकास वर्तमान ‘अबुआ सरकार’ की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास समिति इन संकल्पों को केवल कागजों तक सीमित रखने के पक्ष में नहीं है, बल्कि इन्हें पूरी गंभीरता और प्रभावशीलता के साथ धरातल पर लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित सभी महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के राज्य के प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। इसके लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
बैठक में योजनाओं की पारदर्शिता और जवाबदेही पर भी विशेष जोर दिया गया। समिति ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जमीनी स्तर पर योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुकों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
