65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन कोल्हान और संताल प्रमंडल का दबदबा
रांची, 19 जुलाई 2026। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तत्वावधान में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन खेलगांव स्थित प्रैक्टिस ग्राउंड, बीआईटी ग्राउंड–1, बीआईटी ग्राउंड–2 एवं जैप-1, डोरंडा में विभिन्न वर्गों के लीग मुकाबले खेले गए। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। तीसरे दिन के मुकाबलों में कोल्हान एवं संताल प्रमंडल की टीमों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
अंडर-17 बालिका वर्ग
बीआईटी ग्राउंड–2 पर खेले गए मुकाबले में कोल्हान प्रमंडल ने पलामू प्रमंडल को 10–0 के बड़े अंतर से पराजित किया। वहीं खेलगांव प्रैक्टिस ग्राउंड पर हुए दूसरे मुकाबले में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल ने संताल प्रमंडल को 1–0 से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
अंडर-17 बालक वर्ग
बीआईटी ग्राउंड–1 पर खेले गए मुकाबलों में संताल प्रमंडल ने पलामू प्रमंडल को 3–0 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में कोल्हान प्रमंडल ने उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल को 6–1 से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
अंडर-15 बालक वर्ग
बीआईटी ग्राउंड–2 पर खेले गए मुकाबले में संताल प्रमंडल ने पलामू प्रमंडल को 12–0 के बड़े अंतर से हराकर प्रतियोगिता की सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के चौथे दिन लीग चरण में अपने-अपने समूहों में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाली प्रमंडलीय विजेता टीमों के बीच नॉकआउट मुकाबलों की शुरुआत होगी। इन मुकाबलों के विजेता विभिन्न वर्गों के सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगे।
प्रतियोगिता का भव्य समापन एवं फाइनल मुकाबले 21 जुलाई 2026 को आयोजित किए जाएंगे, जिसमें विभिन्न वर्गों के राज्य चैंपियनों का फैसला होगा।
