झारखंड राज्य कुश्ती संघ की विशेष आमसभा में नए बायलॉज को मंजूरी, 2026-30 कार्यकाल के चुनाव का रास्ता साफ
रांची: झारखंड राज्य कुश्ती संघ की विशेष आमसभा (स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग) रविवार को उपाध्यक्ष अमरनाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय खेल अधिनियम-2025 तथा भारतीय कुश्ती संघ के नियमों के अनुरूप तैयार किए गए झारखंड राज्य कुश्ती संघ के नए बायलॉज को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में राज्य के सभी 24 जिलों से एक-एक महिला एवं एक-एक पुरुष प्रतिनिधि सहित झारखंड राज्य कुश्ती संघ की कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सदस्यों ने नए बायलॉज पर विस्तार से चर्चा की और संगठन को राष्ट्रीय खेल नीति के अनुरूप संचालित करने पर सहमति जताई।
बैठक के दौरान वर्ष 2026-30 के कार्यकाल के लिए झारखंड राज्य कुश्ती संघ के आम चुनाव कराने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। इसके साथ ही संघ के आगामी चुनाव की प्रक्रिया का मार्ग प्रशस्त हो गया।
महासचिव रजनीश कुमार ने बताया कि नए बायलॉज लागू होने के बाद संगठन का संचालन राष्ट्रीय खेल अधिनियम-2025 के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया और नए संविधान से झारखंड में कुश्ती के विकास को नई गति मिलेगी तथा खिलाड़ियों के हितों को और अधिक मजबूती मिलेगी।
उन्होंने सभी जिला इकाइयों से राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के प्रावधानों का पालन करते हुए जिला समितियों का शीघ्र गठन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला समिति में खिलाड़ियों एवं महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करते हुए नियमानुसार जल्द चुनाव कराकर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाए, ताकि राज्य में कुश्ती के विकास को मजबूत आधार मिल सके।
