पूर्वी सिहंभूमि

पांच माह से मानदेय नहीं मिलने पर महिला होमगार्ड जवान की छलकी पीड़ा, आर्थिक संकट से टूटने की कही बात

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में शनिवार को उस समय भावुक माहौल बन गया, जब ड्यूटी पर तैनात एक महिला होमगार्ड जवान पांच माह से लंबित मानदेय नहीं मिलने की जानकारी के बाद रो पड़ीं। आर्थिक तंगी और बीमारी से जूझ रही जवान ने अधिकारियों से जल्द बकाया भुगतान कराने की गुहार लगाई और कहा कि अब उनके लिए परिवार और इलाज का खर्च उठाना बेहद मुश्किल हो गया है।

जानकारी के अनुसार, बोड़ाम थाना क्षेत्र की रहने वाली फूलकुमारी एमजीएम अस्पताल में ड्यूटी कर रही हैं। शनिवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि पिछले पांच माह से लंबित मानदेय का भुगतान अगले सप्ताह भी होने की संभावना नहीं है। यह सुनते ही वह भावुक हो गईं और अपनी आर्थिक परेशानी तथा इलाज के लिए पैसे नहीं होने की बात कहते हुए अधिकारियों से तत्काल भुगतान की मांग करने लगीं। इस दौरान उन्होंने गहरी निराशा भी व्यक्त की, जिसके बाद अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला।

फूलकुमारी ने बताया कि वह पिछले करीब छह माह से रीढ़ के पास गंभीर दर्द से परेशान हैं। एमजीएम अस्पताल समेत अन्य सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने के बाद भी राहत नहीं मिलने पर उन्होंने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में उपचार शुरू कराया। वहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन की सलाह दी है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वह इलाज का खर्च वहन करने में असमर्थ हैं।

उन्होंने बताया कि मानदेय नहीं मिलने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। इलाज के लिए पैसे की व्यवस्था नहीं हो पा रही है, जिससे मानसिक तनाव भी बढ़ गया है।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में तैनात अन्य होमगार्ड जवान मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाकर शांत कराया। साथी जवानों ने उनका हौसला बढ़ाया तथा स्थिति को सामान्य किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद कई लोग भी भावुक हो गए।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में एमजीएम अस्पताल में ड्यूटी कर रहे होमगार्ड जवानों के मानदेय भुगतान में देरी का मामला लगातार चर्चा में रहा है। इससे पहले भी एक महिला होमगार्ड मानसिक तनाव की स्थिति में आ गई थीं। इस घटना के बाद एक बार फिर समय पर मानदेय भुगतान और जवानों के कल्याण को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *