देवघर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू AIIMS दीक्षांत समारोह में होंगी मुख्य अतिथि
देवघर, 31 जुलाई 2025 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को विशेष विमान से झारखंड के देवघर पहुंचीं। बाबानगरी स्थित एयरपोर्ट पर राज्यपाल, मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह, AIIMS निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और विशिष्टजनों ने उनका भव्य स्वागत किया।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए थे। उनका यह दौरा देवघर AIIMS के पहले दीक्षांत समारोह के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, जिसमें वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
समारोह में MBBS की पढ़ाई पूरी कर चुके छात्रों को राष्ट्रपति के कर-कमलों से उपाधियां और मेडल प्रदान किए जाएंगे। यह देवघर AIIMS के लिए गौरव का क्षण होगा। कार्यक्रम में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रपति AIIMS की उपलब्धियों की सराहना करेंगी और झारखंड में चिकित्सा शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी भूमिका पर प्रकाश डालेंगी।
