भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में विशेष पूजा और महाप्रसाद का आयोजन
रांची, 14 जुलाई: भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर 16 जुलाई (गुरुवार) को श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग में विशेष पूजा-अर्चना, भक्ति कार्यक्रम एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी का नयनाभिराम, अलौकिक और भव्य श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, विशेष पूजा-अर्चना और सामूहिक आरती का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भगवान की आराधना करेंगे।
उन्होंने बताया कि भगवान को केसरिया खीर एवं ताजे फलों का महाभोग अर्पित किया जाएगा। पूजा-अर्चना के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट ने रांची एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार मंदिर पहुंचकर भगवान के दिव्य दर्शन, भजन-कीर्तन, आरती एवं महाप्रसाद का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
ट्रस्ट के अनुसार, यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश देने के साथ-साथ भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के आध्यात्मिक महत्व को भी जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
