Home

22वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस खेल प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 1600 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हैं भाग

रांची, 13 जुलाई: हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, होटवार में सोमवार को 22वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस (JAP) खेल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन हुआ। उद्घाटन समारोह अनुशासन, उत्साह और खेल भावना के माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें झारखंड पुलिस के अधिकारियों, जवानों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह की शुरुआत जेएपी के डीआईजी कार्तिक एस. को सलामी देकर हुई। इसके बाद विभिन्न वाहिनियों के जवानों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसने पूरे स्टेडियम में देशभक्ति और अनुशासन का संदेश दिया।

इसके पश्चात जेएपी-2 की समादेष्टा डॉ. सरोजनी लकड़ा, आईपीएस ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए खेलों के महत्व, अनुशासन और टीम भावना पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि डीआईजी कार्तिक एस. ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक क्षमता के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व और टीमवर्क की भावना को भी मजबूत बनाते हैं। उनके संबोधन के बाद 22वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस खेल प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में जेएपी-2 के वरीय पुलिस उपाधीक्षक धीरेंद्र नारायण बंका ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 28 खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 1600 से अधिक खिलाड़ी तथा 165 से अधिक तकनीकी अधिकारी एवं निर्णायक भाग ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में जेएपी-4 बोकारो के समादेष्टा ऋषभ झा (आईपीएस), एसआईआरबी खूंटी की समादेष्टा एमेल्डा एक्का (आईपीएस), जेएपी-6 के समादेष्टा राजेश कुमार (आईपीएस), आईआरबी-1 के समादेष्टा दीपक कुमार (आईपीएस) सहित विभिन्न इकाइयों के अधिकारी एवं 21 पुलिस उपाधीक्षक टीम मैनेजर के रूप में उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह के साथ ही प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ, जिसमें आगामी दिनों में विभिन्न खेल स्पर्धाओं में पुलिस बल के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *