झारखंड के सभी सदर अस्पतालों में बनेंगे मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल, स्वास्थ्य मंत्री की घोषणा
रांची, 13 जुलाई: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की है कि राज्य के सभी सदर अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए अत्याधुनिक सी-विंग (मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल) विकसित किए जाएंगे।
सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सुरक्षित मातृत्व, गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं और नवजात शिशुओं को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में बढ़ते जनविश्वास और मरीजों की संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि पहले जहां लोग निजी अस्पतालों पर अधिक निर्भर रहते थे, वहीं अब सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ा है। इसी विश्वास को और मजबूत करने के लिए सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में विशेषज्ञ स्त्री एवं प्रसूति रोग चिकित्सक, शिशु रोग विशेषज्ञ, प्रशिक्षित नर्सें, आधुनिक लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू) तथा अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व, प्रसव के दौरान और प्रसव के बाद एक ही परिसर में समग्र स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि प्रत्येक जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अस्पतालों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. इरफान अंसारी ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में झारखंड की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था देश की सबसे भरोसेमंद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में अपनी पहचान बनाएगी।
