लोक सेवा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक अबू आसिम आजमी से की शिष्टाचार भेंट, सामाजिक कार्यों पर हुई चर्चा
मुंबई/नई दिल्ली। सामाजिक सेवा एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में पिछले 35 वर्षों से सक्रिय लोक सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद ने महाराष्ट्र विधानसभा में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक अबू आसिम आजमी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान समिति की महाराष्ट्र इकाई के वरिष्ठ पदाधिकारी, कोर कमेटी तथा इंटेलेक्चुअल सेल के सदस्य भी मौजूद रहे।
भेंट के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद ने विधायक अबू आसिम आजमी को समिति की ओर से स्मृति-चिह्न एवं स्मारिका (स्मारक ग्रंथ) भेंट की। उन्होंने समिति द्वारा पिछले साढ़े तीन दशकों से शिक्षा, स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, आदिवासी समाज के उत्थान तथा जनजागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न सामाजिक कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर मोहम्मद नौशाद ने अबू आसिम आजमी को नई दिल्ली में प्रस्तावित लोक सेवा समिति के राष्ट्रीय सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। साथ ही समिति के पदाधिकारियों ने आग्रह किया कि आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन मुंबई में किया जाए, ताकि अधिक से अधिक सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
समिति की कोर कमेटी एवं इंटेलेक्चुअल सेल के सदस्यों ने भी अपने विचार रखते हुए मुंबई में राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की और कार्यक्रम में अबू आसिम आजमी से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का अनुरोध किया।
विधायक अबू आसिम आजमी ने लोक सेवा समिति के सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, नशामुक्ति और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में संस्था का योगदान प्रेरणादायी है। उन्होंने समाजहित में समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यों के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
