सुब्रतो कप में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कांके बना चैंपियन, फाइनल में गुमला को 2-0 से हराया
रांची। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कांके की अंडर-15 बालक फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 65वीं सुब्रतो कप दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में कांके की टीम ने गुमला को 2-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम ने अनुशासित, तकनीकी और आक्रामक खेल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के शानदार तालमेल और दमदार खेल के दम पर विद्यालय ने प्रतियोगिता में लगातार जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए टीम के कई खिलाड़ियों को व्यक्तिगत उत्कृष्टता पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि रांची जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने विजेता टीम को आकर्षक ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि खेल के क्षेत्र में ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
विद्यालय के प्राचार्य आनंद प्रकाश मिश्रा ने इस ऐतिहासिक सफलता पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के खिलाड़ी आगे भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिला और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस संबंध में जानकारी विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक प्रवीण कुमार ने दी।
