रांची

मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश, समय पर फॉर्म जमा करें मतदाता : सीईओ

14 जुलाई को सभी बूथों पर होगी ‘चुनाव पाठशाला’, विदेशी नागरिकों द्वारा फॉर्म भरना दंडनीय अपराध

रांची। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने कहा है कि राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे फॉर्म को सही जानकारी के साथ भरकर हस्ताक्षर करें और जल्द से जल्द बीएलओ को जमा करें, ताकि पुनरीक्षण कार्य समय पर पूरा हो सके।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई समीक्षा

शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ), बीएलओ सुपरवाइजरों और अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए सीईओ ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन धीमा है, वहां विशेष शिविर लगाकर प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

विदेशी नागरिकों को फॉर्म भरने की अनुमति नहीं

के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि इन्यूमरेशन फॉर्म केवल पात्र भारतीय नागरिक ही भर सकते हैं। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के तहत किसी विदेशी नागरिक द्वारा गलत या भ्रामक जानकारी देकर फॉर्म भरना अथवा बिना हस्ताक्षर के फॉर्म जमा करना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में संबंधित ईआरओ द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

14 जुलाई को सभी बूथों पर होगी चुनाव पाठशाला

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 14 जुलाई को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से “चुनाव पाठशाला” आयोजित की जाए। इस दौरान एएसडीडी सूची का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे और मतदाताओं की शंकाओं का मौके पर समाधान किया जा सके। इसी दिन बीएलओ और बीएलए-2 की संयुक्त बैठक भी आयोजित होगी।

फॉर्म भरने में मिलेगी सहायता

सीईओ ने बताया कि फॉर्म भरने से संबंधित सभी तकनीकी पहलुओं पर अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। यदि किसी मतदाता को फॉर्म भरने में कठिनाई हो तो वह अपने क्षेत्र के बीएलओ या स्वयंसेवकों से सहायता ले सकता है। साथ ही, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से तैयार एआई आधारित वीडियो ट्यूटोरियल भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराए गए हैं।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *