मोबाइल खोजने का झांसा देकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, मुख्य आरोपित समेत पांच गिरफ्तार

एसआईटी की त्वरित कार्रवाई, टोटो वाहन और चार मोबाइल जब्त; अन्य आरोपितों की तलाश जारी
गोड्डा। गोड्डा पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया, जिसने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों को दबोच लिया। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मोबाइल खोजने के बहाने दिया घटना को अंजाम
पुलिस के अनुसार, घटना 5 जुलाई की रात की है। भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने 8 जुलाई को महागामा थाना में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि ग्राम लौगांय निवासी एक युवक ने ओझा-गुनी के माध्यम से खोया हुआ मोबाइल खोजने का झांसा देकर उसे बुलाया और अपने 5-6 साथियों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
शिकायत के आधार पर महागामा थाना में मुख्य आरोपित मो. अकरम समेत अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महागामा एसडीपीओ वरुण रजक के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
पांच आरोपित गिरफ्तार, बरामद हुए वाहन और मोबाइल
एसआईटी ने जांच के दौरान मुख्य आरोपित मो. अकरम (19) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर नूर नबी (35), मो. युसुफ (22), मो. आसिफ (21) और खुर्शीद आलम (23), सभी निवासी ग्राम लौगांय, थाना महागामा, को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक टोटो वाहन और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
अन्य आरोपितों की तलाश जारी
महागामा एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
