रांची

रांची के अशोक नगर में दो बिल्डरों के घर चोरों का धावा, एके-47 से चली गोली में बॉडीगार्ड घायल

एक घर में चोरी की कोशिश नाकाम, दूसरे से लाखों के जेवर लेकर फरार हुए नकाबपोश बदमाश

रांची। राजधानी रांची के पॉश इलाके अशोक नगर में बुधवार देर रात चोरों ने दो बड़े बिल्डरों के घरों को निशाना बनाया। एनके कंस्ट्रक्शन के मालिक निशित केसरी के आवास पर चोरी की कोशिश के दौरान बॉडीगार्ड की एके-47 राइफल से अचानक गोली चल गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं, बिल्डर अखिलेश पांडे के घर में नकाबपोश चोर लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए।

एके-47 से चली गोली, अस्पताल में भर्ती बॉडीगार्ड

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि बुधवार रात करीब दो बजे चोरों ने निशित केसरी के घर में घुसने का प्रयास किया। आहट मिलने पर घर में तैनात बॉडीगार्ड एके-47 लेकर बाहर निकला। इसी दौरान गेट के पास उसकी राइफल से अचानक गोली चल गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल बॉडीगार्ड को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में भी गोली बॉडीगार्ड की एके-47 से चलती हुई दिखाई दे रही है।

पाइप के सहारे घर में घुसे चोर, लाखों के गहने चोरी

दूसरी घटना में बिल्डर अखिलेश पांडे के अशोक नगर स्थित आवास को चोरों ने निशाना बनाया। नकाबपोश बदमाश पाइप के सहारे घर के अंदर पहुंचे और घर में रखे लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित उसी रास्ते से भाग निकले।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। हालांकि पूरी वारदात घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *