पलामू

पारिवारिक विवाद में मां ने दो मासूम बेटियों को कुएं में फेंका, दोनों की मौत

तीसरी बेटी के शोर मचाने पर बची जान, आरोपित महिला गिरफ्तार

पलामू, 9 जुलाई। पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक हृदयविदारक घटना सामने आई। बुधवार देर रात एक महिला ने कथित तौर पर अपनी दो मासूम बेटियों को कुएं में फेंक दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। तीसरी बेटी के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बचा लिया। घटना के बाद महिला ने भी कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मजदूरी करने वाले छोटे लाल प्रजापति और उनकी पत्नी सरिता देवी के बीच बुधवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जाता है कि दोनों के बीच पारिवारिक कारणों से अक्सर कहासुनी होती रहती थी। विवाद के बाद सरिता देवी ने पहले अपनी ढाई वर्षीय बेटी डोली कुमारी और फिर चार वर्षीय प्रिया कुमारी को कथित रूप से कुएं में फेंक दिया।

ग्रामीणों की सतर्कता से तीसरी बच्ची बची

बताया जाता है कि जब महिला अपनी छह वर्षीय बेटी सुषमा कुमारी को भी कुएं में फेंकने का प्रयास कर रही थी, तभी बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस बीच महिला स्वयं भी कुएं में कूद गई। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दोनों बच्चियों को नहीं बचाया जा सका।

घटना की सूचना मिलने पर नावा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

थाना प्रभारी संजय यादव ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित महिला सरिता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *