Home

इटकी में प्रस्तावित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान के लिए भूमि चयन प्रक्रिया तेज

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक ने किया स्थल निरीक्षण, 40 एकड़ भूमि चिन्हित करने का दिया निर्देश

रांची, 9 जुलाई। केंद्र सरकार द्वारा देश के तीन राज्यों में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना की घोषणा के बाद झारखंड में प्रस्तावित संस्थान के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने गुरुवार को रांची जिले के इटकी प्रखंड में प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अभियान निदेशक ने संबंधित अधिकारियों के साथ भूमि की उपलब्धता, पहुंच मार्ग तथा संस्थान की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि परियोजना का कार्य समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ सके।

40 एकड़ भूमि की नापी जल्द पूरी करने का निर्देश

अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने अंचल अधिकारी, इटकी को संस्थान की स्थापना के लिए 40 एकड़ भूमि चिन्हित कर उसकी नापी का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी होने से परियोजना को गति मिलेगी और आगे की स्वीकृति प्रक्रिया में सहूलियत होगी।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। इससे राज्य में आयुर्वेद चिकित्सा, शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रशिक्षण को नया आयाम मिलेगा। साथ ही प्रदेशवासियों को उच्च गुणवत्ता वाली आयुष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी, इटकी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने अभियान निदेशक को भूमि से संबंधित प्रगति और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *